फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत जनपद में मंगलवार तड़के घने कोहरे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना गजरौला के जरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत सकरिया तिराहे के पास एक ट्रक और नेपाल-भारत मैत्री बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक सड़क पर पलट गया, जबकि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 11 वर्षीय नेपाली बालक सुभान पुत्र सूरज की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक सहित कुल 23 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब दो बजे ट्रक संख्या UP26T2271 पीलीभीत की ओर जा रहा था। सकरिया तिराहे के पास अचानक सड़क पर एक छुट्टा पशु आ गया। घने कोहरे के कारण पशु को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही नेपाल-भारत मैत्री बस से भिड़ गया। टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गजरौला पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर भिजवाया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद कई को जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर किया गया। इलाज के दौरान नेपाली बालक सुभान ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार बस में सवार सभी यात्री नेपाल निवासी थे, जो मजदूरी के सिलसिले में नेपाल से दिल्ली जा रहे थे। थाना अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत कार्य शुरू कर दिया गया था। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
