18 फरवरी से शुरू होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं, 1.02 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल
प्रवेश पत्र रोके जाने पर होगी एफआईआर, बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त
प्रैक्टिकल अंक योग्यता के अनुसार ही दिए जाएं, जानबूझकर अंक खराब करने की शिकायत पर होगी कार्रवाई
बोर्ड परीक्षा को सकुशल, नकल विहीन व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करायें-जिलाधिकारी
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 को नकलविहीन, शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने आज राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापगढ़ के प्रांगण में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सह जिला विद्यालय निरीक्षक आर.पी. सरोज ने जानकारी देते हुए बताया कि बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक संचालित होगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी, प्रथम पाली प्रातः 8ः30 बजे से 11ः45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 2ः00 बजे से 5ः15 बजे तक होगी। जनपद में कुल 166 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 11 राजकीय विद्यालय, 69 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय तथा 86 वित्तविहीन विद्यालय सम्मिलित हैं। हाईस्कूल परीक्षा में 52,300 एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 50,683 छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे। इस प्रकार कुल 1,02,983 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में भाग लेंगे। बैठक में जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापक/प्रधानाचार्य/प्रबन्धक को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में बच्चों का प्रवेश पत्र फीस के कारण रोका नहीं जाएगा। यदि कहीं से यह शिकायत प्राप्त होती है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा फीस के नाम पर प्रवेश पत्र रोका गया है, तो संबंधित विद्यालय के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि छात्र और छात्राओं की तलाशी के लिए अलग-अलग चेकिंग रूम बनाए जाएं, जहां छात्राओं की तलाशी महिला कर्मचारी तथा छात्रों की तलाशी पुरुष कर्मचारी द्वारा की जाए। सचल दल को निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दौरान सबसे पहले सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण करें और आवश्यकता होने पर ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश करें। किसी भी स्थिति में परीक्षार्थियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए, जिससे बच्चों पर मानसिक दबाव न पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा कक्ष में तैनात विद्यालय कर्मी बार-बार कक्ष में आवागमन न करें। बच्चों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था कक्ष के बाहर सुनिश्चित की जाए। यदि परीक्षा के दौरान किसी छात्र की तबीयत खराब होती है तो प्राथमिक उपचार की व्यवस्था उपलब्ध रहे, गंभीर स्थिति में तुरंत एम्बुलेंस बुलाने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी, पंखे एवं बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ बिजली कटौती की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था अनिवार्य रखने को कहा गया। परीक्षार्थियों के सामान रखने के लिए स्टोर रूम बनाए जाने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि प्रैक्टिकल अंक योग्यता के अनुसार ही दिए जाएं, जानबूझकर अंक खराब करने की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन एवं सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के बाद उनकी सुरक्षा एवं उत्तर पुस्तिकाओं की संपूर्ण जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक की होगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रश्न पत्र निर्धारित तिथि पर उसी विषय का ही खोला जाए। उन्होने कहा कि बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण अधिकारियों के मोबाइल नम्बर अपने पास रखें। परीक्षा के दृष्टिगत मीडिया को ब्रीफिंग केवल सक्षम अधिकारी द्वारा ही दिया जायेगा और परीक्षा केन्द्रों के अन्दर अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि प्रश्न पत्रों की सुरक्षा एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी स्वयं की रहेगी सभी संबंधित अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर भ्रमणशील रहकर परीक्षा को नकल विहीन, सुचिता पूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। जिलाधिकारी ने यह भी घोषणा की कि जिन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न होंगी, उन्हें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। अंत में जिलाधिकारी ने सभी जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराएं। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक बृजनन्दन राय ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा नकल कराने या कराने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की समस्या आये तो तत्काल हमें सूचित कर सकते है। प्रधानाचार्य चन्दीगोविन्दपुर ने बैठक में आये हुये अधिकारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आदित्य प्रजापति, प्रधानाचार्य राजकीय इण्टर कालेज कुलश्रेष्ठ तिवारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
