सूचना पर पहुंची पुलिस, जांच तेज — आरोपियों की तलाश जारी
पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरिया दुलई से सुबोझ जाने वाली सड़क के किनारे शुक्रवार देर शाम गोवंश के अवशेष पड़े होने की सूचना मिली। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात कसाइयों द्वारा गोवंश का वध कर अवशेषों को सड़क किनारे फेंक दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गौ रक्षा से जुड़े पदाधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सी.ओं पूरनपुर इंस्पेक्टर पवन पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस की मौजूदगी में गोवंश के अवशेषों का विधि-विधान से निस्तारण कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है, वहीं लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। रिपोर्ट जियाउल हक खान -151173981
