फ़ास्ट न्यूज इण्डिया यूपी बुलंदशहर जहांगीराबाद से अनूपशहर मेन रोड से ग्राम तोली को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण हुए अभी मात्र 15 दिन ही बीते हैं, लेकिन सड़क बनने के साथ ही उसमें दरारें पड़नी शुरू हो गई हैं। नई सड़क की यह हालत देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में बेहद घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। सड़क कई स्थानों से टूट चुकी है और गिट्टियां बाहर आ गई हैं, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण में मानकों का पालन किया गया होता तो इतनी जल्दी सड़क की हालत खराब नहीं होती।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि सड़क बनने के समय ही गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे, लेकिन संबंधित विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया। अब नई सड़क के टूटने से विभागीय कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न लग गया है।
ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कराने, दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई करने तथा सड़क का दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है।
यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044750
