फ़ास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत पीलीभीत के पूरनपुर नगर स्थित मोहल्ला साहूकारा में सोमवार रात दो युवकों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते तनावपूर्ण स्थिति में बदल गया। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर इसे हिंदू–मुस्लिम टकराव का रूप देने की अफवाह फैल गई, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत और तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब नौ बजे मोहल्ला साहूकारा में फरदीन और सनी नामक दो युवकों के बीच सिगरेट पीने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि मौके पर पहुंचे सनी के कुछ साथियों ने उकसावे वाली कार्रवाई करते हुए एक समुदाय विशेष के प्रति आपत्तिजनक और अभद्र शब्दों का प्रयोग किया। गाली-गलौज और शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए।
चूंकि मामला दो अलग-अलग समुदायों के युवकों से जुड़ा था, इसलिए पूरे क्षेत्र में जल्द ही अफवाह फैल गई कि कोई बड़ा सांप्रदायिक विवाद हो गया है। हालात बिगड़ते देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
तनाव की सूचना मिलते ही कोतवाल पवन पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की सक्रियता देखकर हंगामा कर रहे युवक मौके से भाग खड़े हुए। कुछ ही देर बाद क्षेत्राधिकारी (CO) ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि यह मामला दो व्यक्तियों के बीच का निजी विवाद था, जिसे कुछ लोगों द्वारा गलत रंग देने की कोशिश की गई। थाना अध्यक्ष पवन पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह केवल सिगरेट पीने को लेकर हुई कहासुनी सामने आई है। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में शांति बनी हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की पहचान होती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट जियाउल हक खान 151173981
