फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने बजट को जमीनी हकीकत से कोसों दूर बताते हुए कहा कि यह बजट गरीबों की समझ से परे है और आम जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतरता। डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा के बिना विकसित भारत की कल्पना केवल एक नारा बनकर रह गई है। सरकार लगातार शिक्षा बजट में कटौती कर रही है, जो देश के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शिक्षा को ही प्राथमिकता नहीं दी जाएगी, तो युवाओं को रोजगार कैसे मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस बजट में न तो किसानों को राहत दी गई है और न ही नौजवानों के लिए रोजगार के ठोस अवसर पैदा किए गए हैं। महंगाई, बेरोजगारी और कृषि संकट से जूझ रहे किसान और युवा वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। डॉ. त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सरकार का यह बजट केवल आंकड़ों और घोषणाओं तक सीमित है, जबकि आम जनता की मूलभूत समस्याओं—शिक्षा, रोजगार और किसान कल्याण—पर कोई ठोस रोडमैप नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी बजट का हर स्तर पर विरोध करेगी और जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
