फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत जिले के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रामलीला मैदान में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान 40 वर्षीय रामऔतार यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से प्रॉपर्टी डीलर थे। शव के पास सल्फास की एक शीशी मिलने से प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
जानकारी के अनुसार रामऔतार यादव, पुत्र कल्याण सिंह यादव, मूल रूप से रूपपुर कमल के निवासी थे। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ पूरनपुर के असम चौराहे के पास रह रहे थे। परिजनों ने बताया कि रामऔतार रोज की तरह सोमवार सुबह करीब छह बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे।
इसी दौरान परिजनों को सूचना मिली कि रामलीला मैदान में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने जब शव की पहचान की, तो वह रामऔतार यादव का निकला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
घटनास्थल पर शव के पास सल्फास की एक शीशी पड़ी मिली, जबकि पास में उल्टी के निशान भी थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि मृतक ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। रामऔतार यादव प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे।
सूचना मिलते ही थाना सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
थाना अध्यक्ष नरेश त्यागी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला संदिग्ध है। मौके पर मिले साक्ष्यों और सल्फास की शीशी को देखते हुए फिलहाल इसे आत्महत्या मानकर जांच की जा रही है। हालांकि मौत की असली वजह और जहर की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
प्रॉपर्टी डीलर की मौत की खबर से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हर पहलु से मामले की गहनता से जांच कर रही है। रिपोट - जियाउल हक़ खान 151173981
