बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माधवपुर, पोस्ट बरगदवा में बीती रात चोरों ने बेखौफ होकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। एक ही रात में तीन घरों में चोरी की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
सबसे अधिक नुकसान मनीष कुमार उपाध्याय के घर पर हुआ है, जो एक दवा कंपनी में कार्यरत हैं। चोर उनके घर से करीब 3 लाख 60 हजार रुपये नकद और लगभग 12 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए।
दूसरी चोरी अमित कुमार उपाध्याय के घर में हुई, जहां से चोरों ने करीब 40 हजार रुपये नकद और कुछ जेवरात उड़ा लिए।
तीसरी वारदात राम में चौधरी के घर पर करने की कोशिश की गई, लेकिन घरवालों के जाग जाने से चोर केवल 500 रुपये ही चोरी कर सके और मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते सीढ़ी के सहारे घरों में दाखिल हुए, वारदात के बाद सभी घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। जिस घर में ज्यादा नकदी और जेवर थे, वहां से बक्सा बाहर निकालकर उसे तोड़ा गया और उसमें रखा सारा पैसा व जेवर चोर ले गए।
इस घटना से साफ जाहिर होता है कि चोरों को पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रहा, क्योंकि एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाना आसान काम नहीं है।
घटना की सूचना सोनहा थाने में दी गई, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
इलाके के लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है, वहीं पुलिस जल्द खुलासे का भरोसा दिला रही है। रिपोट - जय प्रकाश उपाध्याय 151152549
