कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने मिशन वात्सल्य , पोषण समिति एवं स्वास्थ विभाग सहित अन्य की संयुक्त बैठक में समीक्षा की ।
आलीराजपुर। जिस तरह घर निर्माण के वक्त उसकी नींव को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाता है उसी तरह बेहतर पोषण से गर्भवती माता, धात्री माताएं, छोटे बच्चों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक सुधार में ध्यान देना अति आवश्यक है, बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा देकर जिले के बच्चों का विकास करना ही जिला प्रशासन का मूल उद्देश्य है, यह बात कलेक्टर नीतू माथुर ने बैठक के दौरान कही। बैठक के दौरान माथुर ने पोर्टल पर कुषोषण से ग्रसित महिलाओं एवं बच्चों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कंट्रोल रूम के माध्यम से आंगनवाडी केंद्रों की निगरानी रखी जा रही है, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा फोन या वीडियो कॉल रिसीव नहीं करने की स्थिति में उनके वेतन रोकने की कार्यवाही की जाएगी। कुपोषण से संबंधित पोर्टल पर दर्ज प्रविष्ठियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि समस्त सीडीपीओ एवं सुपरवाईजर द्वारा अपने कार्य क्षेत्र में भ्रमण नहीं किया जा रहा है ना ही समय पर आंगनवाडी केन्द्र को खोला जा रहा। उन्होंने समस्त सीडीपीओ को निर्देशित करते हुए आगामी 1 सप्ताह के भीतर कार्य में सुधार नहीं किया गया तो संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने समस्त सुपरवाईजरों को निर्देशित करते हुए कहा कि आगामी दिनों में अगर आंगनवाडी केन्द्रों पर गरम नाश्ता ओर मेन्यू अनुसार भोजन नही देने पर, आंगनवाडी केन्द्र पर कम उपस्थिति होना पाया गया तो जवाबदेही तय कर कार्यकर्ता, सहायिका और समूह के खिलाफ पृथक पृथक कार्यवाही जिला स्तर से की जाएगी। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले की प्रत्येक विकासखंड में 20-20 आदर्श आंगनवाडी केन्द्र स्थापित करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाएं एवं कुपोषित बच्चों को पोषण ट्रैकर ऐप में पंजीकृत करें समय समय पर फॉलोअप करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान मिशन वात्सल्य एवं मिशन शक्ति कार्यक्रम की भी समीक्षा की समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कोविड 19 में बेसहारा हुए बच्चों को सहयोग राशि के लिए वरिष्ठ अधिकारी को पत्र व्यवहार कर बजट की मांग करें। उन्होंने इस संयुक्त दल की बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते कहा कि जिले की शैक्षणिक संस्थाओं में बाल विवाह से होने वाले दुष्प्रभाव की जानकारी देने और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अधिक से अधिक कौशल विकास से संबंधित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अमले को निर्देशित करते हुए कहा आशा कार्यकर्ता के माध्यम से अधिक से अधिक सिकलसेल मित्र बनाने का प्रयास करें, समय समय पर आंगनवाडी केंद्रों पर गर्भवती महिला या एनीमिक महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए एनिमिक सिरप देना सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने समस्त उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत कराते हुए कहा जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत जिन युवाओं की आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे अपने नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फार्म–6 तथा घोषणा पत्र भरकर बी.एल.ओ. को सौंप सकते हैं। इसके साथ ही जिन नागरिकों का नाम वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे भी फार्म–6 के माध्यम से अपना नाम शामिल करवा सकते हैं। इस दौरान कार्य में लापरवाही बरतने पर उदयगढ एवं कट्ठीवाड़ा सीडीपीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आगामी 1 सप्ताह में कार्य में सुधार न होने पर संबंधित सुपरवाईजरों के वेतन काटने के निर्देश निर्देश दिए। इस बैठक में महिला एवं बाल विकास ,स्वास्थ्य विभाग ,पुलिस विभाग सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी एवं सीडीपीओ सहित सुपरवाइजर उपस्थित थे। पायल बघेल
