बनबसा में 1200 से अधिक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से मिलाप, आजीविका पर विस्तार से चर्चा
फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड बनबसा/चम्पावत। सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी गीता धामी ने बुधवार को एनएचपीसी सभागार, बनबसा में आयोजित संवाद कार्यक्रम में सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) की महिलाओं से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की आजीविका, नेतृत्व कौशल और समूह सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के अंतर्गत उन्नति महिला संकुल संघ, बनबसा में एक दिवसीय जेंडर संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में 26 ग्राम संगठनों से जुड़े 126 स्वयं सहायता समूहों की 1200 से अधिक महिलाएँ शामिल हुईं, जो ग्रामोत्थान परियोजना एवं एनआरएलएम चम्पावत के साथ सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।
महिलाओं को संबोधित करते हुए गीता धामी ने कहा कि सीएलएफ की महिलाएँ केवल समूह की सदस्य नहीं, बल्कि परिवर्तन की वाहक हैं। उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा, "आज महिलाएँ घूंघट से निकलकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं और पारम्परिक धरोहर को संजोते हुए अपने उत्पादों को देश-विदेश तक पहुँचा रही हैं।"
धामी ने सरिता देवी (नमकीन), शांति देवी (डेयरी उत्पाद), पूजा (ब्यूटी पार्लर), कंचन (बैंक सखी) समेत कई सफल महिलाओं से संवाद किया। महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समूहों ने उन्हें न केवल आर्थिक स्थिरता दी है, बल्कि आत्मविश्वास और सामाजिक पहचान भी प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत के पाँचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की यात्रा में महिलाओं की भूमिका निर्णायक रही है। देश अब तेज़ी से पुरुष-प्रधान व्यवस्था से महिला-प्रधान विकास की ओर बढ़ रहा है, और इस परिवर्तन की धुरी स्वयं महिलाएँ बन रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में आयोजित 'मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव' की सराहना करते हुए कहा कि इसने महिलाओं में नई ऊर्जा, प्रेरणा और आत्मविश्वास भरा है।
धामी ने आश्वासन दिया कि सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन चम्पावत के सभी मंडलों में महिलाओं के लिए निरंतर और समर्पित भाव से कार्य करता रहेगा। फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, कौशल-विकास कार्यक्रमों का संचालन, नशामुक्ति अभियानों को प्रोत्साहन तथा जनसेवा से जुड़ी सभी पहलें आगे और अधिक विस्तार एवं प्रभाव के साथ जारी रहेंगी। कार्यक्रम के अंत में धामी ने सभी उपस्थित महिलाओं को सम्मानस्वरूप उपहार भी भेंट किए।
इस अवसर पर दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोरा, हेमा जोशी, रेखा देवी, ऋतू रंजन आर्या, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, एपीडी विम्मी जोशी, मास्टर ट्रेनर नीलू चन्द, कार्यक्रम संचालक राधा चन्द सहित विभिन्न समूहों की महिलाएं उपस्थित रही। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804



