राष्ट्र सेविका समिति के नब्बे वर्ष पूर्ण होने पर शहर में निकाला पथ संचलन
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। राष्ट्र सेविका समिति एकमात्र ऐसा महिला संगठन है जिसकी रीति-नीति और कार्य पद्धति, उनके वात्सल्य युक्त व्यवहार ने अखिल भारत वर्ष में उसे मातृशक्ति का सर्वश्रेष्ठ संगठन बनाया। उक्त विचार राष्ट्र सेविका समिति के नब्बे वर्ष पूर्ण होने पर शहर स्थित तुलसी सदन हादीहाल में आयोजित पथ संचलन सभा में मातृशक्तियों को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक ओम प्रकाश ने कहा। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति केवल एक शक्ति नहीं,बल्कि वह समाज का गौरव और अभिमान है। मातृशक्ति से होगा राष्ट्र व देश भक्ति का जन जागरण । उन्होंने कहा कि स्त्रियों को स्वसंरक्षणक्षम बनाकर उनमें मानसिक बल,शारीरिक दृढ़ता एवं बौद्धिक पात्रता विकसित कर उन्हें स्वराष्ट्र,स्वधर्म और गौरवशाली संस्कृति के वाहक के रूप में स्थापित करना इस संगठन के मूल में है। स्त्री राष्ट्र की आधारशिला है इस सूत्र के साथ एक संगठन 90 वर्षों से अनथक,निरंतर महिलाओं को उनके पारिवारिक तथा राष्ट्रीय उत्तरदायित्व हेतु प्रशिक्षित कर रहा है। विभाग प्रचारक ने कहा कि वर्ष 1936 में पुणे में विजयदशमी के दिन वंदनीया लक्ष्मी बाई केलकर उपाख्य मौसी जी ने एक संगठन की नींव डाली जो आज राष्ट्र सेविका समिति के नाम से ख्यातिलब्ध है। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति की कार्यवाहिका प्रिया व अन्य अतिथियों द्वारा किया गया। आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ रिचा कौशल रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्र सेविका समिति की कार्यवाहिका प्रिया त्रिपाठी व संचालन नगर कार्यवाहिका शालिनी ने किया।तदुपरांत राष्ट्र सेविका समिति की सेविकाओं ने जिला कार्यवाहिका प्रिया त्रिपाठी के देखरेख में तुलसी सदन से नगर में पूर्ण गणवेश में दंड एवं घोष के साथ अत्यंत अनुशासनबद्ध रूप से संचलन करते हुए राष्ट्रभक्ति का प्रदर्शन किया। पथ संचलन का कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। संचलन हादी हाल से बाबागंज भरत चौक होते हुए श्रीराम तिराहा पहुंचा,जहां से पंजाबी मार्केट होते हुए पुनः तुलसी सदन हादीहाल पहुंची। संचलन में बहनों का अनुशासन, उत्साह एवं राष्ट्रप्रेम अत्यंत सराहनीय रहा। वंदे मातरम‘ और ‘भारत माता की जय‘ के गगनभेदी उद्घोषों के साथ वातावरण राष्ट्रमय हो उठा। नगर के गणमान्य नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर सेविकाओं का उत्साहवर्धन किया और इस आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की। राष्ट्र सेविका समिति का पथ संचलन समाज में देशभक्ति, अनुशासन और सेवा भाव को जागृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अंत राष्ट्र सेविका समिति की कार्यवाहिका प्रिया त्रिपाठी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।इस मौके पर प्रमुख रूप से समिति विभाग पालक अधिकारी आभा मिश्रा, शारीरिक प्रमुख वैशाली, ऋचा, जया, शालिनी, सुनीला, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम लता सिंह, ज्योति, संगीता, नीलम, सांभव, कामिनी श्रीवास्तव वैशाली, प्रीति, रुचि केशरवानी, खुशबू, मीना तिवारी, मनप्रीत, संजना, रीत, जाह्नवी सिंह , भावना, रश्मि, पूनम, नेहा, सुमन, सुशीला, सहित भारी संख्या में बहने शामिल रही। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049

