भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह इस समय 'राइज एंड फॉल' शो में एक प्रतियोगी के रूप में शामिल हैं। यह शो इस समय सुर्खियों में बना हुआ है, जिसकी एक वजह पवन सिंह भी हैं। आज रविवार के दिन शो का एक नया प्रोमो रिलीज हुआ है। इसमें अभिनेता अपनी शादीशुदा जिंदगी और रिश्ते पर बात कर रहे हैं। एक्टर अपनी पहली पत्नी को यादकर भावुक होते भी दिख रहे हैं।
पहली पत्नी को याद कर हुए भावुक
एमएक्स प्लेयर पर सामने आए नए प्रोमो में पवन सिंह बात घर में मौजूद प्रतियोगियों से बात करते दिख रहे हैं। अभिनेता ने कहा, ‘मेरी शादी हुई थी एक लड़की से, उसने तीन महीने में ही इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वो देवी थी, जिसको मैंने खो दिया।’
जब फिर हुआ पवन सिंह को प्यार
आगे उन्होंने कहा, ‘कुछ साल बाद जीवन में कुछ और लफड़ा हुआ। जीवन में लगातार काम करते हुए, किसी से नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन परिवार वाले राजी नहीं थे। फिर उन्होंने कहीं और बसाया, जब वो जिंदगी बसी, तो उसमें भी धक्क लग गया। वो मामला तलाक पर चल रहा है। ये फैसला मैंने बचपन से ही ठाना था कि जिंदगी वहीं बसेगी, जहां परिवार वाले चाहेंगे। इस चीज का फैसला मैं खुद नहीं कर सकता, मैं लव मैरिज नहीं कर सकता।’ हालांकि, आपको बताते चलें कि अभिनेता ने ये नहीं बताया कि किसके साथ उनकी नजदीकियां बढ़ी थीं।
एक नजर पवन सिंह के निजी जीवन पर
पवन सिंह की पहली शादी साल 2014 में प्रिया कुमारी सिंह से हुई थी। शादी के तीन महीने बाद ही उनका निधन हो गया था। इसके बाद अभिनेता और अक्षर सिंह के बीच नजदीकियां बढ़ने की खबरें आईं। यहां तक कहा जा रहा था कि दोनों शादी करने वाले हैं। हालांकि उसी दौरान पवन सिंह ने साल 2018 में ज्योति सिंह से शादी कर ली। इस खबर ने सभी को चौंका दिया था।