फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तर प्रदेश अंबेडकरनगर। महरुआ के जैतूपुर गांव में घर में घुसकर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रिंकल सिंह और उनके पति की पिटाई के आरोपी अवनीश सिंह को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया। उधर, जिलाध्यक्ष अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद घर पहुंच गई हैं और तबीयत में भी सुधार है।पिछले पांच दिनों से चल रहे इस हाई प्रोफाइल मामले ने खूब सुर्खियां बटोरीं। 22 जून को महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रिंकल सिंह और उनके पति संजय सिंह को गांव निवासी दीपक सिंह, उसके भाई अवनीश सिंह और राजन सिंह ने गांव के सरकारी तालाब की मेड़बंदी करने से मना करने पर पीटा था। इसकी तहरीर देने के बाद भी कार्रवाई न होने पर 23 जून को रिंकल महरुआ थाने में धरने पर बैठ गईं थीं। 24 जून को दोबारा थाने पर धरने पर बैठी थीं, जिसके बाद सीओ ने महिला थानाध्यक्ष ज्योति वर्मा की मदद से उन्हें घर भिजवा दिया था।शाम को तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती हुईं थीं। बुधवार को लोहिया भवन में सांसद बृजलाल के सामने फूट फूटकर रोते हुए अपना दुखड़ा सुनाया था। सांसद ने दोषियों पर कार्रवाई की भरोसा दिलाया था। इसके बाद से पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक इस पूरे प्रकरण की गूंज राजधानी तक है। अब तक इसमें हुई तमाम क्रिया प्रतिक्रियाओं पर रिपोर्ट भी ली गई है। क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा भी इस मामले में बारीकी से नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस अधिकारी नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं। हालांकि रिंकल और संजय सिंह अभी भी अपने बयान और आरोपों पर कायम हैं। फोन पर हुई वार्ता के क्रम में संजय सिंह ने पुलिस पर सुनवाई न करने के आरोप दोहराए हैं। फिलहाल इस प्रकरण पर कोई कुछ खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। एसपी केशव कुमार ने बताया कि प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अंबेडकर नगर ब्यूरो चीफ सुनील दुबे
