भारत और पाकिस्तान के सैन्य महानिदेशकों (डीजीएमओ) ने सोमवार को वार्ता की। जानकारी के मुताबिक, दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों ने 10 मई को संघर्ष विराम पर बनी आपसी सहमति पर चर्चा की। इसमें सीमा पार गोलीबारी और सैन्य कार्रवाइयों को रोकने पर सहमति बनी थी। यह बातचीत हॉटलाइन पर दोपहर 12 बजे तय थी, लेकिन यह शाम 5 बजे शुरू हुई। बातचीत के अंतिम परिणाम अब तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। बता दें कि 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 लोगों की नृशंस हत्या कर दी थी। इस हमले के तार पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और पाकिस्तानी सेना से जुड़ते हुए मिले। मृतकों में अधिकांश पर्यटक शामिल थे। इसके बाद भारतीय सेना ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया। जिसके तहत पाकिस्तान में नौ आंतकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मुताबिक सौ से ज्यादा आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा गया। भारत की तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने मीडिया ब्रीफिंग में ऑपरेशन सिंदूर की विस्तार से जानकारी दी है। इन अधिकारियों ने लगातार दो दिन मीडिया ब्रीफिंग दी। अधिकारियों ने पाकिस्तान में की गई सैन्य कार्रवाई के सबूत दिखाए।