फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आहार को ठीक रखना सबसे आवश्यक माना जाता है। बीमारियों से बचे रहने, शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति के लिए हमें नियमित रूप से उन चीजों के सेवन की सलाह दी जाती है जिनसे शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति हो सके। नट्स या सूखे मेवे ऐसे खाद्य पदार्थ हैं, जिनके नियमित सेवन की आदत बना ली जाए तो विटामिन्स-एंटीऑक्सीडेंट्स की आसानी से पूर्ति की जा सकती है।
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, ड्राई फ्रूट्स यानी सूखे मेवे हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं, इनमें उच्च पोषण तत्व और विटामिन्स भरपूर मात्रा में होते हैं। हर मेवा अपने-अपने तरीके से शरीर के अलग-अलग अंगों को फायदा पहुंचाता है। आइए जानते हैं कि किस ड्राई फ्रूट से किस अंग को लाभ होता है।
दिल और दिमाग के लिए खाएं अखरोट
ब्रेन और हार्ट को स्वस्थ रखने के लिए आहार में कुछ नट्स को शामिल करने के लाभ मिलते हैं। इसके लिए बादाम और अखरोट खाना लाभकारी हो सकता है। बादाम में विटामिन ई, ओमेगा-3 फैटी एसिड और ऐंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो मस्तिष्क को मजबूत बनाते हैं। यह मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, याददाश्त बढ़ाने और अल्जाइमर जैसी बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद करता है।
वहीं अध्ययनों से पता चलता है कि अखरोट को ब्रेन हेल्थ के साथ दिल की बीमारियों को दूर करने, कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखने में भी ये लाभकारी है।
हड्डियों की मजबूती के लिए क्या खाएं
हड्डियों को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने के लिए भी कुछ प्रकार के नट्स खाना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। अखरोट में ओमेगा-3 फैटी एसिड्स की भरपूर मात्रा होती है, जो मस्तिष्क के कार्य को तेज करते हैं और मानसिक तनाव को कम करते हैं। ये हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए भी लाभकारी है।
इसमें कैल्शियम और मैग्नीशियम होते हैं, जो हड्डियों की मजबूती को बढ़ाते हैं और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं से बचाव करते हैं।
पाचन और आंतों के लिए क्या खाएं
पाचन और आंतों को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखना चाहते हैं तो आपके लिए किशमिश खाना फायदेमंद हो सकता है। किशमिश में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जो पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है और कब्ज को दूर करता है। किशमिश को भिगाकर खाने से आपको और भी लाभ मिलते हैं।
अध्ययनों से पता चलता है कि किशमिश के सेवन से आंतों में बैक्टीरिया का संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याओं को दूर किया जा सकता है।
थकान कम करने और एनीमिया से बचाव
थकान और कमजोरी दूर करने के लिए खजूर खाने को फायदेमंद पाया गया है। खजूर में प्राकृतिक शर्करा (ग्लूकोज, फ्रुक्टोज) होती है, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करती है।
अध्ययनों से पता चलता है कि जिन लोगों को एनीमिया या खून की कमी होती है उनके लिए भी खजूर लाभप्रद हो सकता है। खजूर आयरन से भरपूर होता है, जो एनीमिया के इलाज में मदद करता है और खून की कमी को दूर करता है।
