गाजीपुर भांवरकोल थाना क्षेत्र के एक गांव की चार वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता का उपचार पांच डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। मेडिकोलीगल के बाद पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है। इधर पुलिस ने दुष्कर्म आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मां और भाई के साथ सो रही चार वर्षीय मासूम के साथ उसके पिता ने ही घिनौने कृत्य को अंजाम दिया था। दूसरे दिन मासूम के कपड़े और जमीन पर पसरे खून को देख मां शोर मचाने लगी। पुलिस ने मासूम को उपचार के लिए ट्राॅमा सेंटर भेज दिया गया। जहां मेडिकोलीगल के बाद महिला अस्पताल रेफर किया गया। इधर डॉक्टरों की टीम ने तत्काल पीड़िता का उपचार शुरू कर दिया। पीड़िता का उपचार करने के बाद भर्ती किया गया, जहां वर्तमान समय में गाइनो, सर्जन, फिजिशियन सहित पांच डॉक्टरों की टीम पल- पल मासूम का हाल जान रही है। साथ ही उसके उपचार को लेकर निगरानी भी कर रही है। इधर दुष्कर्म आरोपी पिता को पुलिस ने वीरपुर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद विधिक कार्रवाई में जुट गई। भांवरकोल थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया दुष्कर्म आरोपी पिता को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
