फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी मेरठ। तीरथ सिंह हत्याकांड का बदला लेने के लिए गांव लतीफपुर के बाहरी छोर पर बाजार में गैंगवार हो गई। तीरथ के पिता प्रभु सिंह ने जमानत पर छूटकर आए तीरथ के हत्यारोपित परमजीत की सरेशाम गोली मारकर हत्या कर दी। एक गोली परमजीत के साथी गुरमुख की पीठ पर लगी।
परमजीत द्वारा चलाई गोली प्रभु सिंह के कूल्हे में लगी। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने परमजीत को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को उपचार चल रहा है।
जेल से छूटकर आया था आरोपी
गांव किशनपुर निवासी सिंधी सरदार तीरथ सिंह उर्फ तिहरी की छह जनवरी 2024 को गुरुद्वारा श्री थल्ली साहिब परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में परमजीत सिंह उर्फ गुल्ला निवासी गांव लतीफपुर समेत छह आरोपित जेल गए थे। अक्टूबर 2024 में परमजीत जमानत पर जेल से छूट गया था। तब से वह दिल्ली में रह रहा था।
परमजीत सोमवार को अपने घर पहुंचा था। बुधवार शाम को वह गांव के बाजार में गुरमुख के साथ मछली के पकोड़े खा रहा था। करीब पांच बजे प्रभु सिंह साइकिल पर सब्जी खरीदने के बहाने बाजार में पहुंचा।
एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि प्रभु सिंह ने परमजीत के सीने में गोली मार दी। दूसरी गोली गुरमुख की पीठ में लगी। परमजीत ने भी तमंचे से प्रभु सिंह पर फायर किया। चिकित्सकों ने परमजीत को मृत घोषित कर दिया। परमजीत के परिवार ने प्रभु सिंह और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
प्रभु सिंह का कहना है कि वह सब्जी खरीदने जा रहा था उसी समय परमजीत ने पहले गोली चलाई। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि दोनों तरफ से फायरिंग में हत्यारोपित परमजीत की हत्या कर दी गई। उसके साथी और दूसरे पक्ष के प्रभु सिंह को भी गोली लगी है। पुलिस जांच कर रही है।रिपोर्ट स्टेट ब्यूरो चीफ मोहित गुप्ता 151022222
