फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
खाने की बात न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। त्योहार पर हर किसी के घर में तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं। ये पकवान ऐसे होते हैं, जिन्हें मेहमानों के सामने भी परोसा जा सके। वैसे लगभग सभी के घर में नॉनवेज पकवान ही बनते हैं, लेकिन हम आपको कुछ शाकाहारी पकवानों के बारे में बताएंगे।
दरअसल, कई मेहमान ऐसे होते हैं, जो सिर्फ वेज खाना ही खाते हैं। ऐसे मेहमानों को आप अलग-अलग वेज पकवान परोस कर भी उनका दिल जीत सकती हैं। यहां हम आपको कुछ आसानी से बनने वाले पकवानों के बारे में बताने जा रहे हैं।
वेज दम बिरयानी
वेज दम बिरयानी आप उन लोगों के लिए तैयार कर सकती हैं, जो चिकन नहीं खाते। इसके लिए सबसे पहले चावलों को धोकर उबाल लें और अलग साइड में रखें। अब बारी आती है इसमें तड़का लगाने की तो सबसे पहले एक पैन में घी गरम करें, अदरक-लहसुन पेस्ट और सब्जियां डालकर भूनें। इसके बाद पैन में सभी मसालों और दही को पानी डालकर थोड़ा पकाएं। जब मसाले पक जाएं तो इसमें चावल की लेयर लगाकर धीमी आंच पर 10 मिनट तक दम दें। आखिर में इसके ऊपर से तले हुए प्याज और काजू सजा दें।
ढोकला
दही और बेसन से बनने वाला ये पकवान खाने में काफी स्वादिष्ट लगता है। इसे आप पहले ही बनाकर कर फ्रिज में रख सकते हैं, ताकि आपको ज्यादा मेहनत न करनी पड़े। इसे जब आप हरी चटनी के साथ परोसेंगे तो आपके मेहमान भी खाकर खुश हो जाएंगे।
हरा-भरा कबाब मौका है तो कबाब बनाना तो बनता है। इसके लिए आप वेज हरा-भरा कबाब तैयार कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए आपको हरी मटर की जरूरत पड़ेगी। हरी मटर की मदद से मुंह में घुल जाने वाले हरे-भरे कबाब तैयार करें। इसे भी दही वाली चटनी के साथ परोसें। ये एक बेस्ट स्टार्टर हो सकता है।
पनीर शामी कबाब
यदि कुछ अच्छा सा बनाने का प्लान कर रही हैं तो क्रिस्पी और स्वादिष्ट पनीर शामी कबाब बनाकर तैयार कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। इसे आप स्टार्टर की तरह भी परोस सकती हैं। चाहें तो इसके साथ रुमाली रोटी परोसें, ताकि आप इसे लंच में भी परोस सकें।
शाही टुकड़ा
स्टार्टर और अन्य पकवानों की बात तो हो गई लेकिन त्योहार मिठाई के बिना अधूरा है। इसके लिए आप शाही टुकड़ा तैयार कर सकती हैं। इसे भी आप पहले ही रात को तैयार करके फ्रिज में रख सकती हैं। इसे अगर आप रबड़ी के साथ परोसेंगी तो हर किसी को ये ज्यादा पसंद आएगा।
