फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी चित्रकूट। सर्दी के मौसम में आसन रामसर साइट की झील पर उड़ान भरने वाला पलाश फिश ईगल नामक पक्षी इस बार पक्षी प्रेमियों के लिए सौगात लेकर आया है। आसन के इतिहास में पहली बार ईगल के दो जोड़े पक्षी गणना के दौरान स्पॉट किए गए हैं। बताते चलें कि पलाश फिश ईगल को समुद्री ईगल के रूप में जाना जाता है और यह विश्व की अत्यंत दुर्लभ प्रजाति में आता है। आसन रामसर साइट में सर्दी का मौसम शुरू होते ही साइबेरिया समेत, यूरोप, ईरान, ईराक, अफगानिस्तान के अलावा उच्च हिमालयी क्षेत्रों से भारी संख्या में पक्षी प्रवास के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान पलाश फिश ईगल भी रामसर साइट की शान बनकर क्षेत्र के आसमान में उड़ान भरता दिखाई देता है। लेकिन, इसकी संख्या दो से अधिक कभी नहीं देखी गई। ऐसा पहली बार है कि रामसर साइट में इस बार पक्षी के दो जोड़े दिखाई दिए हैं। वन विभाग के पक्षी विशेषज्ञ व वन दरोगा प्रदीप सक्सेना ने बताया कि पक्षी गणना में टीम ने ईगल के दो जोड़े स्पॉट किए हैं। उन्होंने बताया कि यह पक्षी प्रेमियों के लिए उत्साह का विषय है कि इनकी संख्या में बढ़ोतरी हुई है।