फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया दुष्कर्म के मामले में जमानत पर बाहर चल रहे एक युवक द्वारा पिस्टल के साथ फेसबुक पर पोस्ट वायरल कर दी गई। इससे एक शिक्षिका दहशत में आ गई है। बताया जा रहा है कि यह युवक शिक्षिका से दुष्कर्म करने का आरोपी है। पीड़िता का कहना है कि वह उसे डराने के लिए पोस्ट वायरल कर रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह मामला नौगावां सादात थाना क्षेत्र के एक गांव जुड़ा बताया जा रहा है। गांव निवासी एक युवक ने शनिवार को फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट की है। जिसमे कुछ युवक रात के समय अलाव तापते नजर आ रहे हैं। वहीं, इनमें से एक युवक दो पिस्टल दिखाते हुए नजर आ रहा है। साथ ही पोस्ट के साथ हरियाणवी गाना भी चल रहा है। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई। इसके बाद ही क्षेत्र के एक इंटर कालेज में तैनात शिक्षिका के होश उड़ गए। उन्होंने पोस्ट करने वाले युवक पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि 2023 में इस युवक ने शिक्षिका को प्रेम जाल में फंसा लिया। बाद में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। दबाव बनाने पर शादी से इन्कार कर दिया था। ऐसे में पीड़िता ने दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस दौरान वह करीब पौने दो माह तक जेल में रहा था। उसके बाद वह जमानत पर बाहर आ गया। अब यह पोस्ट वायरल होने के बाद पीड़ित शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक उसे धमकी दे रहा है। साथ ही मुकदमे में फैसले का दबाव बना रहा है। पूर्व में भी पीड़िता की ओर से मामले में पुलिस से शिकायत की गई, अब फिर से कार्रवाई की मांग की है। सीओ ने बताया कि अभी मामले की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पोस्ट के आधार पर जांच की जा रही है।