फ़ास्ट न्यूज़ इण्डिया फर्रुखाबाद। सर्दी के तेवर कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। शुक्रवार को भी पूरे दिन सूर्यदेव ने दर्शन नहीं दिए। इसके चलते सर्दी से लोगों की कंपकपी छूटती रही। लोग अलाव के पास बैठे नजर आए। करीब एक सप्ताह से कंपकंपी वाली ठंड शुरू हो गई है। आकाश में बादल छाए रहने से सर्दी में लोगों का हाल बुरा है। बादलों के साथ-साथ तेज हवा भी चल रही है। सर्दी का असर जनजीवन पर भी पड़ने लगा है। देर शाम तक रौनक वाले बाजार की भीड़भाड़ शाम सात बजे ही सिमटने लगती है। गर्म कपड़े व गर्मागर्म खाद्य पदार्थ वाली दुकानों में ही लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। बच्चों के शोर से गूंजने वाली गलियों में भी शोर कम हो गया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर को आसमान के फलक से सूर्य देव कुछ देर के लिए प्रकट हुए। शाम होते-होते हलका कोहरा नजर आने लगा। सर्दी के चलते पशुओं ने भी आग का सहारा लिया। अलाव के पास गाय व अन्य पशु खड़े नजर आए।
