वाराणसी फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया जिले के कैंट थाने में अदालत के आदेश से शाइन सिटी कंपनी के मालिक राशिद नसीम और आसिफ नसीम सहित 10 लोगों के खिलाफ प्लॉट देने के नाम पर 5.73 लाख रुपये हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के संबंध में चंदौली के खरीद, बबुरी निवासी विवेकानंद त्रिपाठी ने कैंट थाने में तहरीर दी थी। विवेकानंद त्रिपाठी के अनुसार शाइन सिटी कंपनी की योजना की जानकारी लेने के लिए जेपी मेहता इंटर कॉलेज के समीप स्थित उसके ऑफिस गए थे। जानकारी मिली कि कंपनी के मालिक राशिद नसीम और आसिफ नसीम हैं। ऑफिस में चार एजेंट गौरव चंदेल, जूही सिंह, शैलेश कुमार और राजू मिले। चारों ने उन्हें जमीन बिक्री से संबंधित प्लान के बारे में बताया। विवेकानंद ने बताया कि स्कीम के तहत उन्होंने चंदक काशियाना में जमीन खरीदने की इच्छा जाहिर की। चंदक काशियाना का पॉवर ऑफ अटार्नी चेवार आजमगढ़ निवासी रितेश कुमार सिंह के पास था। लैंड मैनेजर सासाराम, रोहतास निवासी सुधाकर सिंह था। विवेकानंद ने कंपनी की स्कीम के तहत अलग-अलग तिथि में 5.73 लाख रुपये जमा किए। मगर, आरोपियों ने प्लाट पर कब्जा नहीं दिलाया। जब पैसा मांगा गया तो सभी टालमटोल करने लगे। अदालत के आदेश पर कैंट थाने की पुलिस ने राशिद नसीम, आसिफ नसीम, रितेश सिंह, सुधाकर सिंह, राजू चौरसिया, जूही सिंह, शैलेश कुमार, गौरव चंदेल, आशीष कुमार वर्मा और अनूप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
