राजस्थान झालावाड़ जिले के खानपुर तहसील में पनवाड। क्षेत्र के बागोद गांव में पनवाड़-हरिगढ मार्ग पर पांच दिन से चल रहे लोक देवता देवनारायण भगवान के मंदिर मे प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व मंगलवार को प्रतिमाओ को नगर भ्रमण कराया गया। गाजे-बाजे के साथ नाचते-गाते निकली शौभायात्रा में श्रद्धालुओ का सैलाब उमड़ा। समिति कार्यकर्ताओं ने बताया कि देवनारायण भगवान मंदिर परिसर में पांच दिन से चल रहे पंच कुण्डीय यज्ञ में यजमानों ने आचार्य पंडित सत्यनारायण शर्मा के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में आहूतियां दी। इससे पूर्व सुबह देवनारायण भगवान के मंदिर से मुख्य मार्गों से होती हुई भगवान की शौभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शौभायात्रा में महिला-पुरूष व बालिकाएं भजनों पर नाचते-गाते हुए चल रही थी। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत। शौभायात्रा मे बागोद सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के श्रद्धालुओ ने भाग लिया। समिति के कार्यकर्ताओं ने बताया कि जन सहयोग से भगवान देवनारायण मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया है। मंदिर पर विधिवत प्रतिमाओ की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इस दौरान यहां चल रहे पंच कुण्डीय यज्ञ व कथा की पूर्णाहुति कर प्रसादी वितरण की गई। कथा के दौरान देवनारायण भगवान का विवाह कराया गया। प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में कथा वाचक डॉ.बलराम हांडा ने लोक देवता देवनारायण के अवतार की कथा का विस्तार से वर्णन किया। कार्यक्रम में विधायक सुरेश गुर्जर सहित कई लोगों ने भाग लिया। इस दौरान महाप्रसादी पाने के लिए बांसखेड़ा, हिचर, बर्डग्वालिया, चमलासा, चलेट, बिशनखेडी, शंकरपुरा, पखराना, हरिगढ़, खेड़ा, पनवाड़ सहित कई गांवों से श्रद्धालु उमड़े।
बागोद पनवाड़ से रामराज नागर 151118495


