नई दिल्ली । भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारत को 21 रन से हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में जीत के साथ कीवी टीम तीन मैच की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। रांची में खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड ने 176 रन बनाए थे। इसके जवाब में टीम इंडिया 155 रन ही बना पाई और मैच हार गई। हालांकि, महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ यह मुकाबला देखने पहुंचे थे और फैंस उनकी एक झलक पाकर हार का दुख भूल गए। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर ने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया। यहां हम इस मैच से जुड़े खास पल तस्वीरों में दिखा रहे हैं। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी यह मैच देखने के लिए रांची स्टेडियम पहुंचे थे। भारत यह मैच नहीं जीत सका, लेकिन फैंस धोनी की एक झलक पाकर खुश हो गए। धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी भी थीं। इस दौरान एक बार फिर देखने को मिला कि धोनी की लोकप्रियता अभी भी कम नहीं हुई है। महेंद्र सिंह धोनी ने पत्नी साक्षी के साथ इस मैच का मजा लिया। धोनी अब सिर्फ आईपीएल में चेन्नई की टीम के लिए नजर आते हैं। इसके बावजूद उनकी फैन फॉलोइंग पर कोई असर नहीं पड़ा है। मैच के दौरान कैमरा धोनी के ऊपर गया, वैसे ही मैदान में दर्शकों का शोर बढ़ गया। वॉशिंगटन सुंदर ने इस मैच में कमाल की गेंदबाजी और बल्लेबाजी की। इसके अलावा उन्होंने एक बेहतरीन कैच भी पकड़ा। हालांकि, सुंदर अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर भी भारत को जीत नहीं दिला पाए। उनके कैच की जमकर तारीफ हुई। वॉशिंगटन सुंदर ने इस मैच में बल्ले के साथ भी कमाल किया। वह भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 28 गेंद में 50 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। हालांकि, सुंदर को दूसरे छोर पर किसी का साथ नहीं मिला और वह भारत को जीत नहीं दिला पाए।