कासगंज । तहसील सहावर क्षेत्र में हाईटेंशन आवास के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तार टूट कर टीन शेड पर गिरा। जिससे मकान में करंट फैल गया। एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन गंभीर हो गए हैं। इन्हें स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। क्षेत्रीय लोगों ने घटना की जिम्मेदारी विद्युत विभाग पर डाली है। तारो की गार्डिंग ना होने के कारण हादसा हुआ है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम नगला हीरा निवासी नरोत्तम सिंह नायक के आवास के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं। इसके आवास पर टीन शेड पड़ा हुआ है। शुक्रवार कि सुबह हाईटेंशन तार अचानक टूट कर तीन शैड पर गिर पड़ा। जिससे पूरे घर में करंट दौड़ गया। यहां मौजूद नरोत्तम का 26 वर्षीय पुत्र खनुआ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि परिवार के अन्य लोग 62 वर्षीय प्रेमा देवी, 24 वर्षीय दुर्गेश एवं 13 वर्षीय मनोज कुमार बुरी तरह झुलस गए। आस-पड़ोस के ग्रामीणों ने जैसे तैसे तार को आवास से हटाया। तब झुलसे लोगों को घर से निकाल कर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घायलों का उपचार जारी है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने हाईटेंशन तार की गार्डिंग ना होने के कारण इस तरह की घटना हो जाने की बात कही है। साथ ही संबंधित विभाग को इसके लिए दोषी ठहराया है। जानकारी पर एसडीएम रविंद्र कुमार, सीओ अजीत सिंह चौहान एवं थानाध्यक्ष आरके सिंह पहुंच गए। शव को पुलिस ने औपचारिकता के बाद अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया है। एसडीएम का कहना है कि घटना की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दे दी है। विभाग के एसडीओ जांच कर रहे हैं। जांच मृतक के पक्ष में हुई तो पांच लाख के मुआवजे का प्रावधान है।