हिमाचल प्रदेश, जिला शिमला: प्रदेश में प्रचंड गर्मी पड़ने के साथ ही जंगल भी आग से दहकने लगे हैं। जंगल की आग से हर दिन बहुमूल्य वन संपदा जलकर राख हो रही है। राजधानी शिमला में जंगल की आग बेकाबू हो गई है। शहर के साथ लगते टूटीकंडी जंगल में आग भड़की हुई है। इससे शहर धुंए के आगोश में है। आग से जहां बहुमूल्य वन संपदा जलकर राख हो रही है, वहीं इससे निकलने वाला धुंआ लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डाल रहा है। रविवार को टूटीकंडी चिड़ियाघर व बाल आश्रम के पास चीड़ के जंगल में भीषण आग गई। वन और अग्निशमन विभाग की टीमों को मौके पर आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग टूटीकंडी बाल आश्रम तक पहुंच गई। हालांकि, यहां आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान धुंए से आश्रम में मौजूद बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा पंधाघाटी के शक्ति विहार में भी जंगल की आग का मामला आया है।
फ़ास्ट न्यूज इंडिया स्टेट इंचार्ज की रिपोर्ट
ID - 151049876