रामनगर / वाराणसी भारत के संविधान निर्माता डॉ भीम राव अंबेडकर के जन्म दिन पर गुरुवार को रामनगर में विविध आयोजन किये गए। कहीं उनकी याद में संगोष्ठी का आयोजन किया गया तो कहीं महिलाओं को सम्मानित किया गया। सोशल मीडिया पर भी डॉ अंबेडकर के जन्म दिन पर उन्हें बधाई देने वाले, उनके योगदान को याद करते पोस्ट दिन भर कट पेस्ट और फारवर्ड किये जाते रहे। रामनगर किले के पास हुए आयोजन में भाजपा सभासद संतोष शर्मा और पूर्व सभासद कुसुम लता शर्मा ने महिलाओं को अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। इसके पूर्व डॉ बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। भारत के संविधान निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने आजीवन कमजोर तबकों के लोगों के लिए हितों के लिए संघर्ष किया। नारी शिक्षा को लेकर उन्होंने एक नई चेतना जागृत की तो मजबूत भारत के निर्माण के लिए एक सुदृढ सिद्धांत की नींव रखी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संतोष शर्मा, कुसुमलता शर्मा, शांति देवी, अनामिका प्रजापति, अंजू गोंड, लक्ष्मी साहनी, शाहजहां बेगम, शबनम खान, रशीदा खान, रीता प्रजापति आदि शामिल थीं।