हिमाचल: भाजपा किसान मोर्चा द्वारा मंथन
हिमाचल प्रदेश जिला हमीरपुर के भाजपा किसान मोर्चा मंडल, सुजानपुर की बैठक मंडल अध्यक्ष अनिल काकू की अध्यक्षता में शनिवार को टौणी देवी में संपन्न हुई। बैठक में अर्जुन सिंह राणा जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा हमीरपुर ने विशेष रूप से भाग लिया। जिलाध्यक्ष ने बैठक के शुभारंभ में सदस्यों को केंद्र तथा प्रदेश सरकार द्वारा किसान हित के लिए चलाई गई योजनाओं पर प्रकाश डाला। विभिन्न सदस्यों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बताया कि कृषि, उद्यान तथा पशुपालन विभाग द्वारा क्रियान्वित की जा रही योजनाओं के बारे में अधिकारी किसान मोर्चा के पदाधिकारियों को कोई सूचना नहीं देते हैं, जिसकी वजह से वे कार्यकर्ताओं तक योजनाओं में दी जा रही सहायता से अवगत नहीं हो पाते हैं। जिलाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि वह संबंधित जिला अधिकारियों से इस संबंध में वार्ता करके समस्या का समाधान करेंगे। तदोपरांत मंडल स्तर की कोर कमेटी का गठन किया गया और मंडल कार्यकारिणी सदस्य तथा मंडल में जिला कार्यकारिणी सदस्यों को बूथ अनुसार किसान प्रहरी बनाने का उत्तरदायित्व दिया गया। मंडल प्रधान अनिल काकू ने सभी कार्यकारिणी सदस्यों से अनुरोध किया कि वे सौंपे गए कार्य को समय सीमा में पूर्ण करें और पार्टी तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसानों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जा सके। जिलाध्यक्ष ने सदस्यों एवं पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वह मंडल में कार्यरत विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर किसानों को आ रही समस्याओं का निदान करें। बैठक में जिला मीडिया प्रभारी मनोज धीमान, जिला किसान मोर्चा प्रवक्ता अनीश ठाकुर, मंडल महामंत्री सुरजीत कुमार और मंडल प्रभारी जिला सचिव अशोक ठाकुर भी उपस्थित रहे।
फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
रिपोर्टिंग इंचार्ज, सुजानपुर
अनूप कुमार
दिनांक 22/08/2020