अवैध खनन रोकने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने की छापामार कार्रवाई।
- 151120193 - VINOD KUMAR
0
कमासिन-- क्षेत्र में बहती बागै नदी में लगातार चल रहे अवैध बालू खनन घाट पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा रविवार को छापामार कर बड़ी कार्रवाई की गई। इस छापामार कार्रवाई में घाटों से बालू लदा ट्रैक्टर तथा ट्रकों सहित पोकलैंड मशीन को सीज कर दिया गया है। इस कार्रवाई में सी ओ बबेरू, खनिज अधिकारी, एसडीम बबेरू बड़ी तादाद में थाना पुलिस शामिल रही। इस बड़ी कार्रवाई से बालू माफियाओं के बीच हड़कंप मचा है।
क्षेत्र पंचायत अंतर्गत बागै नदी के इस्लामनगर बालू खदान में अवैध खनन का काम काफी दिनों से चल रहा था जिसकी शिकायत क्षेत्रीय लोगों द्वारा शासन प्रशासन से की गई थी। अचानक रविवार की रात खनिज अधिकारी सुभाष सिंह, एसडीएम बबेरू महेंद्र सिंह, सीओ बबेरू सियाराम द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई। बालू घाट पर अधिकारियों द्वारा अचानक छापा डाला गया। मौके पर अवैध रूप से पांच ट्रैक्टर बालू भरे हुए, दो खाली ट्रैक्टर व मोरम लदा एक ट्रक तथा पोकलैंड मशीन अवैध बालू खनन करते पाए गए। उन्हें सीज कर थाना पुलिस की कस्टडी में रखा गया। अधिकारियों की कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। इस कार्रवाई के पहले भी अनेक बार बालू खनन की गंभीर शिकायतें होती रही है। लेकिन यह धंधा लगातार फल फूल रहा है। बागै नदी में अवैध बालू खनन का यह नया मामला नहीं है। इसके पहले भी माफिया वर्षों से अवैध खनन करते आए हैं। जहां माफिया करोड़ों की कमाई के साथ शासन को लाखों रुपए के राजस्व की क्षति पहुंचाते रहे हैं। इस काम में सफेदपोश धारियों के साथ खाकी भी कभी पीछे नहीं रही। माफिया इन्हीं लोगों से सांठगांठ कर बालू खनन को अंजाम देते हैं।बागै नदी के अबैध बालू खदानों के संचालन को लेकर माफियाओं के बीच वर्चस्व के लिए कई बार घटनाएं भी हो चुकी है। जो कि कुछ पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज भी है। छापामार कार्यवाही के बारे में जानकारी हासिल के लिए संबंधित अधिकारियों से फोन पर संपर्क किया गया तो उनके फोन पर संपर्क नहीं हो पाया।