घर में सो रही महिला की गोली मारकर हत्या
- 151035456 - BHOOP SINGH
0
जिला रामपुर के । पटवाई थाना क्षेत्र में घर में सो रही महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंच गए।घटना पटवाई थाना क्षेत्र के निसवा गांव में की गई। गांव के रंजन उर्फ प्रेम सिंह किसान हैं। मंगलवार रात वह अपने खेत में धान झाड़ने गए थे। उनकी पत्नी चम्पा दो बच्चों के साथ घर में सो रही थी। रात तीन बजे किसी ने घर में घुस कर पत्नी चंपा को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और उसके घर जाकर देखा तो चंपा चारपाई पर खून से लथपथ मृत पड़ी थी। दोनों बच्चे विशाल और वंश भी गोली की आवाज से जाग चुके थे और रो रहे थे। ग्रामीणों ने खेत में काम कर रहे मृतका के पति रंजन को घटना के बारे में बताया तो उसके होश उड़ गए। वह दौड़कर घर पहुंचा। हत्या की सूचना पर पटवाई थाना प्रभारी अमरीश कुमार भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गएउन्होंने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दी। घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम भी आ गए। उन्होंने मृतका के पति और आसपास के लोगों से घटना को लेकर जानकारी की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना को लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। जांच की जा रही है। थाना प्रभारी को घटना की रिपोर्ट दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।