बहरूपियाबनकरपहुंचे थानेदार नेबदमाश केसाथीको पकड़ा
- 151043902 - ABHISHEK MISHRA
0
छतरपुर :::: पुलिस इंस्पेक्टर ने फिल्मी अंदाज में कुख्यात बदमाश रामअवतार केवट के साथी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। थानेदार ने बहरूपिया का रूप बनाया और अपने अधीनस्थ स्टाफ के साथ नदी की तराई में छिपे आरोपित युवक को बंदूक सहित गिरफ्तार कर लिया। इसके पहले थानेदार ने 30 हजार के इनामी बदमाश को केवट को पकड़ने में कामयाबी पाई थी। छतरपुर जिले के चंदला अंचल में लगभग एक वर्ष पूर्व तक आतंक का पर्याय रहे ग्राम केवटरा निवासी रामअवतार केवट ने छतरपुर के साथ ही पन्ना और उत्तर प्रदेश के बांदा जिलों में हत्या, लूट, डकैती, हत्या का प्रयास, छेड़छाड़ जैसे एक दर्जन अपराध किए थे।
हिनौता थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने उसे गिरफ्तार किया था। उसका साथी मनोज उर्फ मुन्ना केवट निवासी ग्राम बंजारी केवटरा फरार था। हिनौता थाना प्रभारी जसवंत सिंह को रविवार की सुबह तकरीबन छह बजे बदमाश के केन नदी में छिपे होने की सूचना मिली थी। थानेदार जसवंत सिंह ने पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बहरूपिए का रूप रखा और अपने साथी कर्मचारियों के साथ केन नदी के तराई इलाके में जा पहुंचे। आरोपित मुन्ना केवट 12 बोर की एक नली बंदूक के साथ नदी की तलहटी में बैठा था। थानेदार ने उसके साथ कुछ देर बात की और फिर उसकी बंदूक छीनकर उसे हिरासत में ले लिया। पहले तो आरोपित समझ नहीं पाया कि अचानक यह क्या हो गया, लेकिन बाद में उसे पता चला कि उसके सामने जो व्यक्ति खड़ा था वो थानेदार है।