मुख्तार के गिरोह का एक साथी और चढ़ा पुलिस के हत्थे
- 151045302 - VIJAYA KUMAR
0
फास्ट न्यूज़ इंडिया संवाददाता, मऊ : पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के नेतृत्व में मुख्तार अंसारी गिरोह पर शिकंजा कसता जा रहा है। बीत एक सप्ताह से आए दिन धड़ाधड़ गिरोह से जुड़े सदस्यों पर कार्रवाई हो रही है। शुक्रवार को पुलिस प्रशासन ने बड़ी कामयाबी हासिल की। विधायक के गिरोह से जुड़े सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सरवां निवासी हाजी मुख्तार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस ने 315 बोर के 55 कारतूस बरामद किए।
मुख्तार अंसारी गिरोह से जुड़ा हाजी मुख्तार अपने धनबल व रसूख के बल पर जमीनों का व्यापार करता था। अक्सर वह सरकारी व विवादित जमीनों की खरीद-फरोख्त का काम करता था। ऐसे मामलों में मोहम्मद अबरार द्वारा सरायलखंसी थाने पैसा मांगने तथा न देने पर जान से मारने की धमकी देने के संबंध में शिकायत की गई। इस मामले में शुक्रवार को चेकिग के दौरान मुखबिर की सूचना पर बकवल मोड़ के पास से शातिर बदमाश हाजी मुख्तार निवासी बिचलापुरा सरवां थाना सरायलखंसी के कब्जे से 55 कारतूस 315 बोर बरामद कर गिरफ्तार किया गया। इसके पूर्व सरायलखंसी थाने में इस पर चार मुकदमें दर्ज हैं। इनसेट--
दो शस्त्र लाइसेंस भी होगा निरस्त
सरवां निवासी अभियुक्त हाजी मुख्तार के पुत्रों के नाम से दो लाइसेंसी शस्त्र भी हैं। इस पर पुलिस प्रशासन ने जांच कर इनके निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दिया है। इसके अतिरिक्त विवादित जमीनों की खरीद फरोख्त में शामिल होने व सरकारी जमीन पर कब्जा करने की शिकायत पर जांच राजस्व विभाग द्वारा किए जाने के लिए रिपोर्ट भेजा गया है। वर्जन--
जनपद में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। किसी प्रकार के अपराध में शामिल अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। संगठित गिरोह के तहत अपराध करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। सभी थानाध्यक्षों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
- अनुराग आर्य, पुलिस अधीक्षक।