जापान में जन्मा दुनिया का सबसे हल्का बच्चा, सेब के बराबर है वजन
- 151045428 - SHRUTI DUBEY
0
जापान में जन्मा एक सेब के बराबर वजन वाला बच्चा अब बाहरी दुनिया में पैर रखने के लिए तैयार है। अक्टूबर में जन्मा यह दुनिया का सबसे कम वजन वाला बच्चा है। तोशिको ने गर्भधारण के बाद उच्च रक्तचाप की दिक्कत के चलते 24 सप्ताह और पांच दिन के बाद रयुसुके सेकिये को जन्म दे दिया था।
जन्म के समय बच्चे का वजन मात्र 258 ग्राम था। उसने पिछले साल जन्मे जापान के एक अन्य लड़के का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया जिसका वजन महज 268 ग्राम था। बच्चे को फरवरी में तोक्यो के एक अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
एक अक्टूबर 2018 को जब रयुसुके का जन्म हुआ तब उसकी लंबाई 22 सेंटीमीटर थी और डॉक्टरों ने उसे अति गहन चिकित्सा कक्ष में रखा था। उन्होंने उसे दूध पिलाने के लिए ट्यूब का सहारा लिया। वे कभी-कभी मां का दूध पिलाने के लिए रुई का इस्तेमाल भी करते थे।