फरीदाबाद, गुड़गांव छोड़कर 8 सीटों पर भाजपा की उम्मीदवार बदलने की तैयारी, करनाल बनी हॉट सीट
- 151045426 - NEETU SINGH
0
चंडीगढ़. लोकसभा चुनाव में 10 सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के निवास पर भाजपा चुनाव समिति की बैठक हुई। इसमें हर सीट से करीब 12 और कुल 100 से ज्यादा आवेदनों पर चर्चा की गई। होली के ठीक बाद 22 मार्च को चुनाव समिति की बैठक होगी। इसमें हर सीट से 3-3 प्रत्याशियों का पैनल बनाकर संसदीय बोर्ड को भेजा जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार गुड़गांव में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और फरीदाबाद में कृष्णपाल गुर्जर को छोड़कर शेष 8 सीटों पर नए प्रत्याशी तलाशे जा रहे हैं।ज्यादा नाम करनाल सीट पर
करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा व हिसार में पहले से प्रत्याशी बदले जाने तय हैं। रोहतक के लिए भाजपा ऐसा दिग्गज तलाश रही है, जो कांग्रेसी सांसद दीपेंद्र हुड्डा को हरा सके। लोकसभा चुनाव समिति के प्रभारी कलराज मिश्र व सह प्रभारी विश्वास सांरग ने एक-एक सीट पर दावेदारों के नामों पर चर्चा की।
भाजपा प्रभारी डॉ. अनिल जैन, सीएम मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के साथ प्रांतीय संगठन मंत्री सुरेश भट्ठ ने अपनी पसंद के प्रत्याशियों के नाम चुनाव समिति को सुझाए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, कृष्णपाल गुर्जर और राव इंद्रजीत के अलावा समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन ने कहा कि किसी पार्टी से गठबंधन नहीं होगा और पार्टी सभी 10 लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
पार्टी की बैठक में करनाल लोकसभा सीट पर संजय भाटिया, चंद्र प्रकाश कथूरिया और एडवोकेट वेदपाल के अलावा किरण चोपड़ा के नामों पर मंथन हुआ। अम्बाला से सांसद रत्नलाल कटारिया के अलावा उनकी पत्नी बंतो कटारिया के नाम पर विचार किया गया। हिसार से केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह, बीरेंद्र सिंह, कैप्टन अभिमन्यु, सोनाक्षी फौगाट के नामों पर विचार हुआ। कुरुक्षेत्र से नायब सिंह सैनी, धूमन सिंह, डॉ. पवन सैनी और हरपाल सिंह चीका के नामों पर चर्चा की गई।
रोहतक से धनखड़-अरविंद पर हुई चर्चा
रोहतक लोकसभा सीट पर काफी देर तक चर्चा हुई। यहां से कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और भाजपा नेता शमशेर सिंह खरखड़ा के अलावा डॉ. अरविंद शर्मा के नाम चर्चा में रहे। भिवानी-महेंद्रगढ़ में धर्मबीर, सुधा यादव और सोमवीर सांगवान के नामों पर चर्चा की गई, जबकि सोनीपत से बृजेंद्र सिंह, रमेश कौशिक, राजीव जैन और कृष्णा गहलावत के नामों पर विचार किया गया।
इधर, कांग्रेस मुख्यालय में पहली बैठक आज
कांग्रेस समन्वय समिति की पहली बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे दिल्ली के 24 अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में होगी, जिसमें प्रभारी गुलाम नबी आजाद समेत सभी 15 सदस्य भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि वे जल्द प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं की एकजुटता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशभर में उनके साथ बस यात्रा करेंगे। चुनाव के वक्त पार्टी किसी को नाराज नहीं करना चाहती। इसलिए दूसरी कमेटियों में अन्य नेताओं को एडजस्ट किया जाएगा।